गर्भवती महिलाओं को आपातकाल में समय पर रक्त उपलब्ध कराने की पहल
सोजत में झिरमिर बारिश के बीच स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 15 यूनिट रक्त संग्रहित
सोजत। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान आपातकालीन स्थिति में बिना रिप्लेसमेंट डोनर के सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय राजकीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिनभर हुई झिरमिर वर्षा के कारण अपेक्षित संख्या में रक्तदाता नहीं पहुंच सके, फिर भी रक्तदाताओं के उत्साह से 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. कन्हैयालाल सीरवी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त भंडारण सुनिश्चित करना है, ताकि प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता होने पर किसी भी गर्भवती महिला को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि अक्सर आपातकालीन परिस्थितियों में रिप्लेसमेंट डोनर उपलब्ध नहीं होने से परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही सबसे प्रभावी समाधान है।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की इस सेवा में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद रक्तदाताओं का उत्साह सराहनीय रहा तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में वरिष्ठ तकनीकी सहायक भगाराम जयपाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेब टेक्नीशियन नेक मोहम्मद का भी सहयोग रहा। चिकित्सा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे आगे भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित हों, जिससे ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे और जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, को समय पर जीवनरक्षक रक्त मिल सके।









