सोजत में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आज
गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की पहल
सोजत। राज्य सरकार के निर्देशानुसार गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान आपातकालीन स्थिति में बिना रिप्लेसमेंट डोनर के सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार, 3 अगस्त को स्थानीय राजकीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा।
ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. कन्हैयालाल सीरवी ने बताया कि कई बार प्रसव के दौरान गर्भवती महिलाओं को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में रिप्लेसमेंट डोनर उपलब्ध नहीं होने से मरीज एवं परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस शिविर के माध्यम से ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त संग्रहित कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी महिला को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता ने शहर के सभी स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है, इसलिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस सामाजिक दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।
शिविर के सफल आयोजन में वरिष्ठ तकनीकी सहायक भगाराम जयपाल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। चिकित्सा विभाग ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।









