सोजत में डॉ. श्रीलाल ने 82वें जन्मदिवस पर दिया प्रकृति संरक्षण और सेवा का संदेश
सोजत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला संघचालक समाजसेवी डॉ. श्रीलाल का 82वाँ जन्मदिवस सादगी, सेवा और संस्कारों के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने उनका माल्यार्पण, साफा एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय सम्मान किया तथा उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही वैदिक यज्ञ-अनुष्ठान का आयोजन कर स्वच्छता, जल संरक्षण एवं समाज सेवा का सामूहिक संकल्प लिया गया।
अपने उद्बोधन में डॉ. श्रीलाल ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने अधिकाधिक वृक्ष लगाने, जल बचाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील समाज ही समृद्ध और सुरक्षित भविष्य का आधार बन सकता है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व पार्षद जोगेश कुमार जोशी ने कहा कि डॉ. श्रीलाल ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, समाज जागरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने राजकीय सेवा के दौरान अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। आज भी वे पर्यावरण, स्वच्छता और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में अनेक लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के संतोष सिंह, रतन बंजारा, रणजीत सिंह, महेंद्र टाक, वीरेंद्र सिंह राजपुरोहित, कैलाश माली, सोहनलाल माली, सुगनचंद माली, अम्बालाल जोशी, सेंटू सैन, हिमांशु बंजारा, नरपत माली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा एवं बच्चों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम श्रद्धा, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।









