मानसून की नाराजगी से फिर तपा सोजत, शुरुआती सावन सूखा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मानसून की नाराजगी से फिर तपा सोजत, शुरुआती सावन सूखा

तेज धूप और उमस से जनजीवन प्रभावित, बारिश के इंतजार में किसान

सोजत। सावन का आगाज तो हो चुका है, लेकिन शुरुआत ही सूखी रहने से मानसून की बेरुखी साफ दिखाई दे रही है। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण सोजत क्षेत्र में एक बार फिर तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख मार्गों पर आवाजाही कम रही, जबकि लोग गर्मी से बचने के लिए घरों और छायादार स्थानों का सहारा लेते नजर आए।

समीपस्थ ग्राम रामासनी बाला के कृषक पारसमल भाटी ने खेत में काम करते बताया कि शुरुआती सावन सूखा रहने से आम किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। खरीफ फसलों की बुवाई के बाद खेतों में पर्याप्त नमी नहीं मिलने से फसलों की बढ़वार प्रभावित होने लगी है। समय पर अच्छी बारिश नहीं होने की स्थिति में उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि किसान अब इंद्रदेव की कृपा और मानसून की सक्रियता का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

उधर, बढ़ती गर्मी और उमस के कारण बिजली की मांग में भी इजाफा हुआ है। लोग दिनभर पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर का सहारा लेने को मजबूर हैं। चिकित्सकों ने भी तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

मौसम के इस बदले मिजाज ने आमजन से लेकर किसानों तक सभी की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून फिर सक्रिय होगा और अच्छी वर्षा से मौसम सुहावना होने के साथ खेत-खलिहानों में भी नई हरियाली लौटेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें