सोजत में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया
गुरु परंपरा भारतीय संस्कृति की आत्मा है : जोगेश्वर गर्ग
सोजत। राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने बुधवार देर शाम सोजत पहुंचकर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया तथा ब्रह्मलीन संत नरसिंहदास महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने अल्प प्रवास के दौरान गर्ग सबसे पहले नगर के प्रमुख केवल अपरोक्ष आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत गुरु पूजन कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आश्रम के प्रणेता महामंडलेश्वर ओम महाराज अन्य संतों एवं श्रद्धालुओं ने शॉल ओढ़ाकर तथा माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और संस्कार भी प्रदान करते हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। संत समाज के मार्गदर्शन से ही समाज में नैतिकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इसके बाद गर्ग नरसिंहद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रह्मलीन संत नरसिंहदास महाराज के देवलोक गमन पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उत्तराधिकारी गोपालदास महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इन अवसरों पर नगरपालिका पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि जुगलकिशोर निकुंम, समाजसेवी कैलाश दवे, ओबीसी प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पंवार, एडवोकेट हीरालाल कांठेड़, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुनील सोनी, सुरेश अग्रवाल, पद्मचंद टाक सहित अनेक गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शाम को मुख्य सचेतक गर्ग ने स्थानीय सेवानिवृत्त शिक्षक स्व. हरिराम सिंगाड़िया असामयिक निधन पर उनके निवास पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा परिजन इंजी. केवलचन्द सिंगाड़िया, पूर्व प्रधानाध्यापक पारसमल सिंगाड़िया आदि को ढाढ़स बंधाया।









