सोजत में आज को श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा 27वाँ कारगिल विजय दिवस
सोजत।
स्थानीय रामेलाव तालाब के समीप स्थित सेन बगीची में 26 जुलाई रविवार को सुबह 11 बजे पूर्व सैनिक संगठन के तत्वावधान में 27वाँ कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी, जिसके बाद उनकी पावन स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
समारोह में तहसील क्षेत्र के पूर्व सैनिक, शहीद परिवारों के सदस्य, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विद्यार्थीगण शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने के साथ-साथ नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, देशसेवा और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है।
पूर्व सैनिक संगठन के सचिव हवलदार अशोक कुमार सैन ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से अधिक से अधिक संख्या में मेडल एवं कैप पहनकर उपस्थित होने तथा आमजन से भी कार्यक्रम में शामिल होकर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।







