हरित राजस्थान अभियान के तहत मंदिर परिसर में हुआ सघन पौधरोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरित राजस्थान अभियान के तहत मंदिर परिसर में हुआ सघन पौधरोपण

सोजत।

नगर के जोधपुरिया गेट स्थित सरगरा समाज मुक्तिधाम परिसर में अवस्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में हरित राजस्थान अभियान के अंतर्गत रविवार को उत्साहपूर्वक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा उनके नियमित संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

इस अवसर पर पर्यावरणप्रेमी नारायणलाल गहलोत ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और इन्हीं से पर्यावरण संतुलित एवं जीवन सुरक्षित रहता है। समाजसेवी डॉ. महेश सोनी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन की अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिकाधिक पौधे लगाने चाहिए। सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक जगदीश गहलोत ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। समाजसेवी जवरीलाल बोराणा ने कहा कि पेड़-पौधे धरती का वास्तविक श्रृंगार हैं। सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता चम्पालाल खोरवाल ने पर्यावरण संरक्षण के जन-जागरण पर बल देते हुए वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संवर्धन की सामूहिक शपथ ली। इस अवसर पर आईएफडब्ल्यूजे सोजत उपखंड के अध्यक्ष कैलाश गहलोत, राहुल कुमार, विजय सोलंकी, एडवोकेट गजेन्द्र गहलोत, सुरेश गहलोत, रतन रांधे, राकेश गहलोत, जितेन्द्र गहलोत, सुरेश कुमार, लोकेश गहलोत, रामचन्द्र भाटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें