सोजत में गुरु पूर्णिमा महोत्सव : श्रीमाली ब्राह्मण समाज महिला मंडल की तैयारियां अंतिम चरण में

सोजत।
श्रीमाली ब्राह्मण समाज महिला मंडल, सोजत के तत्वावधान में 25 से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरु फूलनारायण आश्रम तथा भुढ़ायत माता मंदिर, लुंडावास में विविध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर महिला मंडल की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता व्यास के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। श्रीमती प्रमिला श्रीमाली ने बताया कि दक्ष प्रशिक्षक महिलाओं के निर्देशन में आयोजन की तैयारियां उत्साहपूर्वक चल रही हैं। महिला मंडल की सचिव हेमलता श्रीमाली ने बताया कि पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान भजन, गरबा, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, प्रतिभा सम्मान एवं धार्मिक आयोजन होंगे।
महोत्सव का शुभारंभ 25 जुलाई (ग्यारस) को दोपहर 2 बजे सामूहिक महिला भजन संध्या से होगा। 26 जुलाई को सायं 4 बजे चुनड़ी परिधान में महिलाओं का गरबा आयोजित किया जाएगा। 27 जुलाई को दोपहर 2 से 5 बजे तक 3 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए श्लोक प्रतियोगिता तथा सभी आयु वर्ग की महिलाओं के लिए मांडणा प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसी अवसर पर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं, विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं तथा बाहर से आने वाली महिला पदाधिकारियों का सम्मान भी किया जाएगा। रात्रि 8 बजे भुढ़ायत माता मंदिर, लुंडावास में रात्रि जागरण (राती जोगा) का आयोजन होगा। 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को महिला मंडल आश्रम में आयोजित मुख्य समारोह में निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार महिला मंडल की साड़ी पहनकर सहभागिता करेगा।
अध्यक्ष श्रीमती सुनीता व्यास ने समाज की प्रतिभागी बालिकाओं एवं महिलाओं से 24 जुलाई तक आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। तैयारियों में हेमलता श्रीमाली, सीमा व्यास, सीमा दवे, वंदना व्यास, नीलम व्यास, पूजा सहित महिला मंडल की अनेक सदस्याएं सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।








