स्वाध्याय और दृढ़ संकल्प से कुमकुम ने रचा सफलता का इतिहास
नीट (यूजी) 2026 में ऑल इंडिया 3954वीं रैंक, सोजत का नाम किया गौरवान्वित
सोजत।
यह कहावत एक बार फिर चरितार्थ हुई कि “बेटियां यदि ठान लें तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।” सोजत की होनहार बेटी कुमकुम गहलोत, पुत्री राजेंद्र गहलोत, निवासी नींबली नाड़ी, सोजत, ने नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित करते हुए संपूर्ण भारत में 3954वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कुमकुम की सफलता का सबसे प्रेरणादायी पक्ष यह रहा कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा लिए बिना स्वाध्याय, अनुशासन और घर पर निरंतर कठिन परिश्रम के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उन्होंने प्रारंभ से ही चिकित्सक बनने का लक्ष्य निर्धारित कर अथक मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपने सपने को साकार किया।
कुमकुम की इस उत्कृष्ट सफलता पर क्षेत्र में हर्ष की लहर है। पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, माली समाज अध्यक्ष चंपालाल सांखला, बड़ा बास चौधरी, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधनलाल गहलोत, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, सचिव चेतन व्यास, माली समाज जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, भारत विकास परिषद् अध्यक्ष देवीलाल सांखला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहनलाल टांक, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर, रामलाल टांक, ओमप्रकाश टांक, ताराचंद गहलोत सहित सोजत की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने कुमकुम एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं।









