सोजत रोड में ए सी बी की बड़ी कार्रवाई 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत रोड में ए सी बी की बड़ी कार्रवाई

नगरपालिका संविदा कर्मी को पच्चीस हजार रुपये रिश्वत लेते किया रंगे हाथों गिरफ्तार

सोजत ।

ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. पाली द्वितीय इकाई द्वारा आज बड़ी कार्यवाही करते हुए परमानन्द शर्मा (दलाल) नगरपालिका सोजत रोड जिला पाली को पच्चीस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी पाली द्वितीय को एक शिकायत इस आशय की मिली कि परिवादी के बड़े पिताजी के नाम का पैतृक भूखण्ड का पट्टा जारी करने की एवज में परमानन्द शर्मा नगरपालिका के (संविदाकर्मी) द्वारा अकाउंटेंट, जेईएन व ईओ के नाम से पच्चीस हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।

जिस पर नारायण टोगस उप महानिरीक्षक पुलिस एसीबी रेंज जोधपुर के सुपरविजन में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पाली द्वितीय के प्रभारी देरावर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं टीम के द्वारा रिश्वत राशि मांग सत्यापन करवाया जाकर गुरुवार को ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी परमानन्द शर्मा (संविदाकर्मी) को रिश्वत राशि 25,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी द्वारा परिवादी से रिश्वत राशि प्राप्त कर अपनी पहनी हुई पेंट की साईड की दाहिनी जेब में रखे, जहां से एसीबी टीम द्वारा रिश्वत राशि बरामद की गई। आरोपी परमानन्द शर्मा पूर्व में सोजत रोड पंचायत में कर्मचारी था जो रिटायर होने के बाद पिछले 6 वर्ष से दिसम्बर 2025 तक नगरपालिका सोजत रोड में संविदाकर्मी के रूप में कार्य कर रहा था मगर आयु 65 वर्ष से ज्यादा हो जाने से अपने पुत्र सुनील शर्मा को संविदा पर लगवाया है तथा उसकी जगह स्वंय ही लगातार कार्य कर रहा है। संविदाकर्मी की जगह पर दूसरे व्यक्ति से कार्य कराने के संबध में नगरपालिका अधिकारियों से अनुसंधान किया जाएगा।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्रीमती एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्रवाई जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें