सोजत में हजरत इमाम हुसैन की याद में मनाया मोहर्रम पर्व 
सोजत।
नगर में शुक्रवार को हजरत इमाम हुसैन की याद में मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। मुस्लिम समुदाय द्वारा विभिन्न मोहल्लों में अपने-अपने मुकाम पर ताजिए स्थापित किए गए। पंचपीरों के चौक स्थित अखाड़े में युवाओं ने जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ पारंपरिक हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उप जिला कलक्टर रविप्रकाश, तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रतनाराम देवासी, अधिशाषी अधिकारी राघव मीणा, थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर बींजाराम देवासी, गोपाल सिंह शेखावत सहित पुलिस जाब्ता पूरे समय तैनात रहा।
इस अवसर पर हाडिया कुआं के लाइसेंसदार बाबू खान, सिपाहियों का बास के लाइसेंसदार रिजवान खान, शेखों का बास के लाइसेंसदार आरिफ शेख, जमाल कुआ के लाइसेंसदार पीर वाजिद अली तथा मुरीदों का बास के लाइसेंसदार पीर जुल्फिकार अली सहित अखाड़ा प्रमुखों का नगरपालिका की ओर से सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान, वरिष्ठ अधिकारी जगदीश सोलंकी, लेखाकार हितेश सोनी एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा अभिनंदन किया गया ।









