सोजत | वर्तमान टाइम्स
प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आज पाली जिला मुख्यालय पर आयोजित “नारी शक्ति वंदन अभियान” विषयक प्रेस वार्ता में सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने महिलाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी बढ़ती भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुनील भंडारी एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बहन मनोहर कंवर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान विधायक शोभा चौहान ने कहा कि भारत की आजादी के अमृत काल में महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का यह निर्णय ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अभियान केवल एक राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान, अवसर और निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने का राष्ट्रीय संकल्प है। इस अभियान के माध्यम से भाजपा सरकार महिलाओं को नेतृत्व के सर्वोच्च मंच तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती चौहान ने आगे कहा कि महिला आरक्षण और नारी सम्मान से जुड़े निर्णय आने वाले समय में देश की राजनीति की दिशा बदलेंगे, जिससे पंचायत से संसद तक महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।
प्रेस वार्ता में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने नारी सम्मान और महिला नेतृत्व को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।









