सोजत रोड। विराट हिंदू सम्मेलन के पावन अवसर पर कल सोजत रोड नगर में एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह और धार्मिक उमंग का माहौल बना हुआ है। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, श्रद्धालुजन एवं हिंदू समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करेंगे। यात्रा का शुभारंभ सिरवी छात्रावास से किया जाएगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महाराणा प्रताप चौराहा पहुंचेगी तथा वहां से आगे सुभाष मार्ग होते हुए अंततः महेश्वरी बागेची परिसर में जाकर विधिवत रूप से संपन्न होगी। कलश यात्रा के दौरान जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से पूरा नगर गूंज उठेगा। आयोजन समिति द्वारा यात्रा की भव्यता एवं व्यवस्थाओं को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा नगरवासियों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलश यात्रा व विराट हिंदू सम्मेलन को सफल बनाएं।










