सोजत। बुढ़ायत माता मंदिर में आगामी 25 जनवरी को आयोजित होने वाले पाटोत्सव को लेकर मंदिर व्यवस्था समिति द्वारा तैयारियाँ जोरों पर हैं। शक्ति एवं भक्ति की प्रतीक इस प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। मंदिर व्यवस्था समिति के अध्यक्ष जितेंद्र व्यास ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं तथा आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के लिए समिति सदस्यों को अलग-अलग उत्तरदायित्व सौंप दिए गए हैं।
वहीं समिति के पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र व्यास ने जानकारी दी कि पाटोत्सव के मुख्य यजमान मनीष व्यास (उदयपुर) होंगे। आयोजन में सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर यज्ञ-हवन के माध्यम से विश्व शांति एवं समृद्धि की कामना की जाएगी।
समिति सचिव चंद्रशेखर श्रीमाली ने बताया कि पाटोत्सव के दौरान विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ प्रदान की जाएँगी। साथ ही व्यवस्था समिति द्वारा भारतवर्ष के कोने-कोने में निवासरत श्रीमाली ब्राह्मण समाज के बंधुओं से मंदिर विकास हेतु सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया गया है। पाटोत्सव की तैयारियों को लेकर अध्यक्ष जितेंद्र व्यास, पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र व्यास, सचिव चंद्रशेखर श्रीमाली, पूर्व अध्यक्ष चंद्र प्रकाश व्यास, त्रिभुवन नारायण जोशी, चेतन व्यास, कोषाध्यक्ष धीरेन्द्र व्यास, सूर्य प्रकाश व्यास, उपाध्यक्ष सुदीप व्यास, मनोज जोशी, धर्मेंद्र व्यास, चेतन दवे, माधव शास्त्री, दिनेश व्यास, मनीष व्यास, मितेश व्यास सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। पाटोत्सव में सोजत, सोजत रोड, पाली, उदयपुर, जोधपुर सहित विभिन्न महानगरों से बड़ी संख्या में श्रीमाली ब्राह्मण समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान विविध धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मंदिर परिसर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार, कच्छप एवं नंदी सहित माता जी के मंदिर के श्रृंगार, आकर्षक रोशनी व्यवस्था तथा पक्षी चुग्गा व्यवस्था जैसे विषयों पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।










