सोजत में निःशुल्क नेत्र शिविर में 280 मरीजों की जांच, 72 को मिले चश्मे, 28 के होंगे जोधपुर में लेंस प्रत्यारोपण ऑपरेशन
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

सोजत। नेत्र रोगियों को राहत और बेहतर दृष्टि की उम्मीद देने के उद्देश्य से शुक्रवार को वाटर वर्क्स रोड स्थित माली समाज भवन में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित हुआ। शिविर में 280 मरीजों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 28 मरीजों को लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयनित किया गया तथा जरूरत के अनुसार 72 मरीजों को चश्मे वितरित किए गए। अन्य नेत्र रोगियों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के मुख्य संयोजक संत सागर बापू महाराज ने बताया कि आयोजन ताराबाई देसाई चैरिटेबल ऑफ थल्मिक ट्रस्ट जोधपुर, जिला अंधता निवारण समिति जोधपुर, लॉयन्स क्लब जोधपुर शकुन्तला एवं भव्य चातुर्मास सत्संग कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। नेत्र चिकित्सक डॉ. संजीव देसाई ने मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया।
ऑपरेशन के लिए चयनित 28 मरीजों की शल्य चिकित्सा संस्था द्वारा जोधपुर के शास्त्रीनगर स्थित ई-22, ताराबाई देसाई नेत्र चिकित्सालय में निःशुल्क की जाएगी। चयनित मोतियाबिंद रोगियों को बिना टांके के लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा मिलेगी। आयोजकों ने ऑपरेशन योग्य मरीजों को आधार कार्ड साथ लाने तथा अपने किसी परिजन या रिश्तेदार को साथ रखने के निर्देश दिए।
शिविर में अध्यक्ष लॉयन रोनिका चौहान, सचिव लॉयन नरपत सिंह सोढ़ा, कोषाध्यक्ष लॉयन एडवोकेट नीलम सोनी, कैंप संयोजक संत श्री सागर बापू, जोन चेयरमैन लॉयन सुरेंद्र चौहान, उपाध्यक्ष लॉयन गोपी किशन राठौड़, नारायण लाल परिहार, डॉ. महेश सोनी, लक्ष्मण चौहान, एडवोकेट दीपिका सोनी, विजय सांखला एवं हिमांशु चौहान ने विशेष सेवाएं प्रदान कीं। शिविर समाप्ति तक नेत्र मरीजों व उनके सहयोगियों का आना – जाना लगा रहा।










