वरिष्ठ अधिवक्ता शांतिप्रकाश माथुर के निधन पर शोक, सभी ने दी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि
सोजत। कायस्थ समाज मुक्ति धाम सोजत के पूर्व अध्यक्ष, समाजसेवी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शांतिप्रकाश माथुर के असामयिक निधन से शहर सहित अधिवक्ता एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर छा गई। उनके निधन का समाचार मिलते ही समाजजनों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
बासनी तिलवाड़िया श्मशान स्थल पर कायस्थ समाज, बार एसोसिएशन, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्यजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पार्थिव देह को उनके सुपुत्र रोनित माथुर व परिवारजनों ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। उनका उठावना 4 सितंबर शुक्रवार सायं 5 बजे आलोक विद्यालय के पास स्थित उनके निवास पर होगा।
अंत्येष्टि में उपस्थित लोगों ने शांतिप्रकाश माथुर के व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि वे विनम्र, शालीन, मिलनसार एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी थे। अधिवक्ता के रूप में अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने के साथ ही सामाजिक सरोकारों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही। कायस्थ समाज मुक्ति धाम के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समाजहित के कार्यों में योगदान दिया तथा परिवार और समाज को साथ लेकर चलने की भावना को सदैव प्राथमिकता दी।
उनके असामयिक देहावसान को उपस्थित लोगों ने कायस्थ समाज, अधिवक्ता जगत एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।









