नेशनल हाईवे-162 पर गाय से टकराई कार, चार पलटी खाकर खाई में गिरी; गाय की मौके पर ही मौत, चालक घायल
सोजत। नेशनल हाईवे-162 पर नागाबेरी के निकट शुक्रवार दोपहर सड़क पर अचानक गाय से टकराने के बाद एक कार अनियंत्रित होकर चार पलटी खाते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सोजत के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
सोजत पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार डीड़वाना-कुचामन जिले के चावंडिया निवासी विक्रमसिंह (40) पाली से सोजत की ओर आ रहे थे। नागाबेरी के पास गाय अचानक सड़क पर आ गई। कार उससे टकरा गई और तेज टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलटते हुए खाई में जा गिरी। पुलिस ने मृत गाय को घटनास्थल से हटवाया तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को सोजत थाने में खड़ा करवाया।









