हजरत मस्तान शाह बाबा के 123वें सालाना उर्स पर शानो-शौकत से निकला चादर जुलूस, शहर में गूंजे अकीदत के स्वर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर सूफियाना रंग में रंगा सोजत

हजरत मस्तान शाह बाबा के 123वें सालाना उर्स पर शानो-शौकत से निकला चादर जुलूस, शहर में गूंजे अकीदत के स्वर

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। जश्ने ईद मिलादुन्नबी एवं हजरत मस्तान शाह बाबा के 123वें सालाना उर्स के अवसर पर बुधवार को सोजत शहर अकीदत, उल्लास और सूफियाना रंग में रंगा नजर आया। इस मौके पर हजरत मस्तान शाह बाबा की चादर का जुलूस पूरी शानो-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में जायरीन, अकीदतमंद एवं शहरवासी शामिल हुए।

दोपहर में हजरत मस्तान शाह बाबा की दरगाह से चादर जुलूस रवाना हुआ। अकीदतमंद बाबा की चादर को पूरे अदब और श्रद्धा के साथ लेकर चले। जुलूस चांदपोल गेट, थाना रोड, मुख्य बाजार एवं जैतारणिया गेट सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरा। जुलूस के आगे बढ़ने के साथ इसमें अकीदतमंदों की भागीदारी भी उत्सवी माहौल को और जीवंत करती रही। जुलूस में घोड़े, विभिन्न गाड़ियों व ट्रैक्टरों पर सवार जायरीन हाथों में धार्मिक झंडे लिए लहरा रहे थे। बैंड की मधुर ध्वनि व डीजे पर बच्चे झूमते चल रहे थे। छोटे-छोटे कई बच्चे भी गले में नगाड़े लटकाए बजाते लोगों को आकर्षित कर रहे थे। जुलूस का शहर में जगह-जगह जलपान से स्वागत सत्कार किया गया।

जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशियों और हजरत मस्तान शाह बाबा के उर्स की अकीदत का अनूठा संगम जुलूस में देखने को मिला। शहर के बाजारों और प्रमुख मार्गों से गुजरते चादर जुलूस ने सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। शहर के निर्धारित मार्गों से भ्रमण के बाद चादर जुलूस पुनः हजरत मस्तान शाह बाबा की दरगाह पहुंचा। यहां अकीदतमंदों ने हजरत मस्तान शाह बाबा की मजार पर पूरी अकीदत के साथ चादर पेश की।

आयोजन को लेकर दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष सजावट की गई, जिससे पूरा वातावरण उत्सवी एवं आध्यात्मिक आभा से सराबोर नजर आया। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दरगाह कमेटी के सदर साकिर राजा सिलावट सहित कमेटी के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। जुलूस में व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन भी पूरे जाब्ते के साथ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें