गुजरात से माली सांखला परिवार का पैदल संघ पहुँचा सोजत  शोभा यात्रा निकाल किए जैकल माता मंदिर में दर्शन, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह किया स्वागत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुजरात से माली सांखला परिवार का पैदल संघ पहुँचा सोजत 

शोभा यात्रा निकाल किए जैकल माता मंदिर में दर्शन, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह किया स्वागत

सोजत। गुजरात से पैदल यात्रा करते हुए सोजत पहुंचे माली सांखला परिवार के श्रद्धालुओं के स्वागत में गुरुवार को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नाचते – गाते उत्साहपूर्वक भाग लिया। जैकल माता के जयकारों से नगर का वातावरण धर्ममय हो गया।

पैदल संघ के सोजत पहुंचने पर जैतारणिया दरवाजा स्थित माली समाज भवन में श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद जैकल माता की विधिवत पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जैकल माता मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा और पैदल यात्रियों का स्वागत किया।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं माता के जयकारों पर झूमते नजर आए। धार्मिक ध्वज और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा ने नगर में भक्तिमय माहौल बना दिया। जैकल माता मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

दांतीवाड़ा दिशा (गुजरात) से माली सांखला परिवार का पैदल संघ अशोक भाई, दया भाई, कांति भाई, शंकर भाई, जयंती भाई, नटवर भाई, कीर्ति भाई, परेश भाई की अगुवाई में सोजत पहुँचा। सोजत में माली सांखला परिवार के अध्यक्ष लुंबाराम सांखला, राजू भाई सांखला, सत्तू भाई सांखला, गौरी शंकर सांखला, गणेश सांखला, रामलाल सांखला, सोहन सांखला, धर्मचंद सांखला, रमेश सांखला, दिनेश सांखला आदि ने सभी का अभिनंदन किया।

शाम को भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भजन कलाकार महावीर सांखला एवं सीता माली ने माता के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या का संचालन भावेश सांखला ने किया। आयोजन की व्यवस्थाएं सांखला परिवार के श्रद्धालुओं ने संभालीं। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *