सोजत में देवी-देवताओं से क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी बरसात की लगाई अरदास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में देवी-देवताओं से क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी बरसात की लगाई अरदास

सोजत। अच्छी बारिश, क्षेत्र की खुशहाली एवं जन-स्वास्थ्य की मंगलकामना को लेकर सोजत में सदियों से चली आ रही परंपरा ‘मायाजाल’ का श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ आयोजन किया गया। स्थानीय माली, घांची, मेवाड़ा एवं सीरवी समाज के चौधरियों, पंचगणों और गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से देवी-देवताओं की आराधना कर देश-प्रदेश, शहर एवं गांवों में सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना की।

श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी पर शहर के हृदय स्थल धान मंडी में विराजमान चौवटा वाले भैरुजी महाराज की पूजा-अर्चना एवं ज्योत के साथ धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर श्री चारभुजानाथ, श्री काला-गोरा भैरुनाथ, श्री सती माता, श्री गोगाजी महाराज गोगा नाडा तथा चामुंडा माता की भाखरी पर विराजमान श्री चामुंडा माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हवन के साथ माताजी को पोशाक एवं शृंगार अर्पित कर मीठी गुगरी की प्रसादी का भोग लगाया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने अच्छी बरसात के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

आयोजन में माली समाज अध्यक्ष चम्पालाल सांखला, चौधरी गोरधनलाल गहलोत, गणपत सिंह पालरिया, देवीलाल सांखला, लुंबाराम सांखला, भेराराम पालरिया, पाली जिला अध्यक्ष एवं चौधरी ताराचंद सैनी, रतनलाल भाटी, नारायणलाल परिहार सहित घांची समाज अध्यक्ष नरपतराज सोलंकी, चौधरी मुन्नालाल निकुम पंवार, राजाराम सोलंकी, राजाराम देवड़ा, नेनाराम सोलंकी, चेनाराम भाटी, श्याम निकुम पंवार, मेवाड़ा समाज अध्यक्ष मदनलाल, डॉ. सोहनलाल मेवाड़ा, बाबूलाल, धनराज, महेंद्र व धर्मेश तथा सीरवी समाज अध्यक्ष दिनेश, माणकलाल सहित विभिन्न समाजों के पंचगण एवं गणमान्य नागरिकों ने आराधना में सहभागिता निभाई।

हवन अनुष्ठान पं. पांचाराम जोशी के सान्निध्य में विधि-विधान से संपन्न हुआ। पूर्णाहुति के साथ सभी ने अच्छी बारिश, समृद्धि, खुशहाली और निरोगी जीवन की मंगलकामना की। सदियों पुरानी ‘मायाजाल’ परंपरा ने एक बार फिर सामाजिक एकता, सामूहिक आस्था और लोक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *