लोक अभियोजकों की समस्याओं और मांगों पर जयपुर में संवाद, मानदेय वृद्धि का हुआ स्वागत
सोजत। लोक अभियोजकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर के लोक अभियोजकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सोजत के अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर अभियोजन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, प्रमुख शासन सचिव विधि राघवेन्द्र काछवाल तथा महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश में अभियोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पाली जिले से एससी-एसटी न्यायालय पाली के लोक अभियोजक लादूराम मेवाड़ा, पॉक्सो न्यायालय पाली के लोक अभियोजक कुलदीप सिंह तथा अपर लोक अभियोजक देसूरी शिवराज सिंह सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोक अभियोजकों ने सहभागिता की।
मुख्यमंत्री द्वारा अभियोजकों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा किए जाने पर प्रदेश के सरकारी अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका स्वागत किया। उपस्थित अभियोजकों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि मानदेय में वृद्धि से प्रदेशभर में कार्यरत अभियोजकों का मनोबल बढ़ेगा तथा वे अपने न्यायिक दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। अभियोजकों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अभियोजन तंत्र को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।









