सोजत में आईएफडब्ल्यूजे पत्रकार संगठन का ऐतिहासिक महाकुंभ सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में आईएफडब्ल्यूजे पत्रकार संगठन का ऐतिहासिक महाकुंभ सम्पन्न

पत्रकार सम्मान, शपथ ग्रहण एवं सावन स्नेह मिलन समारोह में दिखी संगठन की एकजुटता

बदलते दौर की चुनौतियों का पत्रकार संगठित होकर करें सामना : अरुण जोशी

सोजत।

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की मजबूती, पत्रकार हितों की सुरक्षा तथा संगठनात्मक एकजुटता का सशक्त संदेश देते हुए इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) सोजत उपखंड द्वारा रविवार को मोड़भट्टा स्थित होटल अमित इन में पत्रकार सम्मान, शपथ ग्रहण एवं सावन स्नेह मिलन समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी के मुख्य आतिथ्य, उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत की अध्यक्षता तथा उपाध्यक्ष प्रकाश राठौड़ एवं राजेश शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

मुख्य अतिथि अरुण कुमार जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के समक्ष अनेक चुनौतियाँ हैं। ऐसी परिस्थितियों में पत्रकारों को संगठित रहकर निष्पक्ष, निर्भीक एवं उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता करनी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। अध्यक्षीय उद्बोधन में कैलाश गहलोत ने कहा कि सोजत उपखंड के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े साथियों का संगठन के प्रति समर्पण प्रेरणादायी है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर सोजत इकाई की विशिष्ट पहचान को और अधिक सशक्त बनाने तथा प्रत्येक सदस्य के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया।

विधानसभा प्रभारी चेतन व्यास ने संगठन का परिचय देते हुए बताया कि वर्ष 1950 में चलपति राव द्वारा दिल्ली में स्थापित आईएफडब्ल्यूजे विश्व के 40 देशों तथा यूनेस्को से संबद्ध है। भारत के 35 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में इसकी इकाइयाँ एवं सहयोगी संगठन सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल मिश्रा हैं तथा संगठन प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा एवं कार्य परिस्थितियों के सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। महासचिव नवनीत राय ‘रुचिर’ ने उपखंड हित से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव अनुमोदनार्थ सदन पटल पर प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार भुवनेश टाक ने कहा कि दिशा सही होगी तो दशा स्वतः सुधर जाएगी। डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने संगठन की एकता को उसकी सबसे बड़ी शक्ति बताया। राजेश शर्मा (सोजत रोड) ने सभी सदस्यों से सामूहिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया। मीठालाल पंवार ने वर्तमान चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने पर बल दिया। रमेश भट्ट (बगड़ी) ने निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताया। ललित तिवारी (सोजत रोड) ने संगठन की एकजुटता को सबसे बड़ा संबल बताया। आमीर रजा ने पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा को निर्भीक पत्रकारिता की अनिवार्य शर्त बताया। भवानीसिंह (बागावास) ने समय-समय पर ऐसे आयोजनों के आयोजन की आवश्यकता जताई। समारोह को जिला सचिव अब्दुल समद राही, हेरम्ब भारद्वाज, ओमप्रकाश चौहान सहित अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन चेतन व्यास एवं महासचिव नवनीत राय ‘रुचिर’ ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में डॉ. रशीद गौरी, लक्ष्मीनारायण माली, दिलखुश गहलोत, महावीर गहलोत, राकेश भटनागर, दिनेश सोलंकी, दिव्येश जोशी, अशोक गहलोत, अकरम खान, हितेश भाटी, गोविंद गर्ग, हरीश गहलोत, मुकेशसिंह, अजय जोशी, ओमप्रकाश बौराणा, अशोकसिंह सोलंकी, गजेंद्र गहलोत, राहुल, ईश्वर दमामी, मोटाराम बोचावत, पूनाराम प्रजापत, इस्माईल खां, मोहम्मद आरीफ एवं पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में सभी पत्रकारों को सावन स्नेह उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में महासचिव नवनीत राय ‘रुचिर’ ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकता, सक्रियता और पत्रकार हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

समारोह के सांस्कृतिक सत्र में चेतन व्यास एवं डॉ. रामस्वरूप भटनागर के नेतृत्व में उपस्थित सदस्यों ने “सावन का महीना पवन करे शोर…” तथा “ज्योत से ज्योत जगाते चलो, प्रेम की गंगा बहाते चलो…” जैसे प्रेरणादायी गीतों का सामूहिक गायन किया। गुलाब की पुष्पवर्षा के बीच पूरा वातावरण आत्मीयता, उल्लास एवं संगठनात्मक सौहार्द से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम में अतिथियों ने माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। वंदेमातरम् के सामूहिक गायन से कार्यक्रम का आगाज तथा राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ। बालिका सिद्धि एवं सहयोगी सदस्यों ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का कुमकुम तिलक एवं उपरना पहनाकर आत्मीय स्वागत करते हुए पंजीयन कराया। अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का साफा, शॉल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। तत्पश्चात सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन के प्रति निष्ठा तथा अपने उत्तरदायित्वों के ईमानदारी पूर्वक निर्वहन की शपथ ली, जिसका उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें