उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी आज सोजत के दौरे पर,
अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगी
सोजत।
राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सोमवार, 27 जुलाई को पाली जिले के दौरे पर रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन एवं लोकार्पण समारोह में भाग लेने के साथ ही सोजत में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगी।
निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री प्रातः 9:00 बजे जोधपुर से प्रस्थान कर 10:30 बजे मारवाड़ जंक्शन पहुंचेंगी। यहां वे झांझरिया हनुमानजी मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में शामिल होकर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण करेंगी तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से संवाद भी करेंगी।
इसके पश्चात वे 11:30 बजे मारवाड़ जंक्शन से सोजत के लिए रवाना होकर दोपहर 12:00 बजे नगर पालिका सभागार, सोजत पहुंचेंगी। यहां सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगी।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे सोजत से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। उपमुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला एवं स्थानीय प्रशासन को कार्यक्रम के सफल संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उनके दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।









