सोजत में वरिष्ठ नागरिक समिति का वार्षिक अधिवेशन संपन्न
शिक्षा जीवन की सबसे सशक्त नींव, प्रतिभाएं राष्ट्र की अमूल्य धरोहर – दवे

सोजत।
वरिष्ठ नागरिक समिति के तत्वावधान में गुरु फूलनारायण आश्रम परिसर में आयोजित वार्षिक अधिवेशन एवं ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश देते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 26 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं और यही युवा भविष्य में देश के विकास की नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का सुदृढ़ आधार है, जो व्यक्ति को ज्ञान, कौशल, नैतिकता और मानवीय मूल्यों से समृद्ध बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए वरिष्ठ नागरिक समिति की सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा ने कहा कि सफलता का कोई विकल्प नहीं होता और प्रत्येक उपलब्धि के पीछे कठोर परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास का योगदान रहता है। प्रतिभा ईश्वर का अनुपम उपहार है, जिसे सतत साधना से निखारा जा सकता है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि शिक्षित एवं संस्कारित नागरिक ही समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपतसिंह सांखला ने कहा कि शिक्षा मनुष्य में विवेक, आत्मविश्वास और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ संस्कार परिवार से प्राप्त होते हैं और सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज तथा समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला बनते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मोतीचंद सेठिया आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं निशा मेवाड़ा एवं लक्षिता जैतावत द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके उपरांत अतिथियों ने गुरु फूलनारायण की समाधि पर दीप-वंदना कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह में मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण दवे, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपतसिंह सांखला, एसीबीईओ मोहम्मद रफीक, लघु उद्योग भारती अध्यक्ष विकास टांक, पाली वरिष्ठ नागरिक समिति के महामंत्री नरपतसिंह कुंपावत, शिक्षाविद् कुसुम देवी लोढ़ा एवं भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला का समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, मदनलाल चौहान, गोरधनलाल गहलोत तथा शिवनारायण शर्मा ने शाल, माला एवं उपरना पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया।
स्वागत उद्बोधन में समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा ने सभी अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए समिति की गतिविधियों, सेवा कार्यों तथा भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा झिलमिल सांखला ने मातृशक्ति पर भावपूर्ण विचार प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 के अंतर्गत नगर के उन 26 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में 95 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित किए। सभी प्रतिभाओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र, मोतियों की माला एवं उपरना भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में समिति के नवसदस्य कुसुम देवी लोढ़ा, राजेश कुमार अग्रवाल, भंवरलाल पालीवाल, बशीर खान एवं ओमप्रकाश कच्छवाह का भी उपरना पहनाकर स्वागत किया गया।
समिति के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का भी सम्मान किया गया। इनमें कोषाध्यक्ष मदनलाल चौहान, नव मनोनीत सचिव डाॅ. रशीद ग़ौरी, नव मनोनीत उप सचिव, समाजसेवी सत्तूसिंह भाटी, उपकोषाध्यक्ष शिवलाल जोशी, जलग्रह व्यवस्था हेतु पूर्व बैंक अधिकारी सत्यनारायण गोयल, हितेंद्र व्यास, सराहनीय सेवाओं के लिए प्रकाश सोनी, गुरु फूलनारायण न्यास ट्रस्ट अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार त्रिवेदी, साहित्य, शिक्षा एवं संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रांतीय अध्यक्ष डाॅ. रामस्वरूप भटनागर, डाॅ. वीणा गुप्ता, उपेन्द्र पाराशर तथा आईएफडब्ल्यूजे के विधानसभा सोजत मनोनीत प्रभारी चेतन व्यास को शाल, माला एवं उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह में राज पब्लिक स्कूल के एमडी किशनाराम चौधरी, डीपीएस इंटरनेशनल के एमडी धनपतराज, पीएमश्री राउमावि के प्राचार्य स्वरूपसिंह उदावत, लक्ष्मणराम पालरिया, अशोक सेन, भोमाराम सोलंकी, गोरधनलाल गहलोत, केसाराम माहेश, शंकरलाल पारीक, उमाशंकर द्विवेदी, रमेश व्यास, श्यामलाल व्यास, श्यामलाल परिहार, हाजी मो. हनीफ सिपाई, हाजी मो. सलीम सिलावट, मोहनलाल राठौड़, मो. रफीक, पाली शाखा से गौतमचंद यति, कृष्णचंद जोशी, सोजत रोड शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, डाॅ. वासुदेव सांखला, अशोक जांगला, दाऊदयाल व्यास, चंडावल से राधाकिशन गहलोत, शिवनारायण शर्मा, लुंडावास से त्रिभुवन नारायण जोशी, करणसिंह मोयल, ओमप्रकाश मोयल, राज नारायण हर्ष, जगदीश मेवाड़ा, देवाराम परिहार, प्रभुलाल रांगी, ब्रजमोहन राठी, जवरीलाल बोराणा, सवाई सिंह, सुशीला गुप्ता, सुनील सांखला, अनिल हिरानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन संस्था सचिव साहित्यकार डाॅ. रशीद ग़ौरी ने किया, जबकि अंत में उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के उपरांत उपस्थित जनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।









