ओरण संरक्षण और समाजसेवा के लिए पर्यावरणविद् जयंतीलाल त्रिवेदी सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ओरण संरक्षण और समाजसेवा के लिए पर्यावरणविद् जयंतीलाल त्रिवेदी सम्मानित

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

सोजत। पर्यावरण संरक्षण, वृद्धजन कल्याण और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित सोजत के वरिष्ठ पर्यावरणविद् जयंतीलाल त्रिवेदी को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस–2026 के अवसर पर सम्मानित किया गया। राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, पाली के अंतर्गत जिला कलक्टर की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र सोमवार को उपजिला कलक्टर रवि प्रकाश ने उन्हें प्रदान किया। इस अवसर पर उपजिला कलक्टर ने त्रिवेदी का साफा, शॉल तथा माल्यार्पण से अभिनंदन कर उन्हें बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

सोजत निवासी नटवरलाल त्रिवेदी के पुत्र जयंतीलाल त्रिवेदी को यह सम्मान वृद्धजन कल्याण, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, कला, साहित्य तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया। प्रकृति संरक्षण और जनहित से जुड़े उनके कार्यों में विशेष रूप से ओरणों के संरक्षण एवं पुनरुत्थान की दिशा में किए गए प्रयास शामिल हैं। 4 जुलाई, 1937 को जन्मे त्रिवेदी ने सामाजिक वानिकी के क्षेत्र में योगदान देते हुए ओरण संरक्षण को अपने कार्यों का प्रमुख आधार बनाया। लेखन के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण और ओरण वनों से संबंधित सामग्री का संकलन भी किया। उनके इन प्रयासों में प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के साथ उससे जुड़ी परंपराओं और जानकारी को सहेजने का भाव रहा है।

त्रिवेदी वर्षों तक आकाशवाणी केंद्रों से विविध विषयों पर वार्ताएं देते रहे हैं। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र को भी संबल प्रदान किया। वन संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पूर्व में वन विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र और 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा चुका है। आपने तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के सानिध्य में दिल्ली में आयोजित नृविज्ञान सम्मेलन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए मानव जाति के इतिहास, उसकी उत्पत्ति, विकास, रीति-रिवाजों, संस्कृतियों, भाषाओं और सामाजिक व्यवहार पर भी अपना उद्बोधन दिया था।

सिरोही जिला कलक्टर कार्यालय से अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त त्रिवेदी का परिचय प्रशासनिक सेवा के साथ पर्यावरण, लेखन और समाजसेवा से भी जुड़ा रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मिला यह सम्मान उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना है। त्रिवेदी को मिले इस सम्मान के अवसर पर समाज कल्याण विभाग के ओमप्रकाश सहित त्रिवेदी के परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *