सोजत कॉलेज में चल रहा आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत कॉलेज में चल रहा आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर 

स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की आधारशिला : डॉ. प्रकाश सीरवी

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के तत्वावधान में आयोजित 24 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत सोमवार को छात्राओं के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा में सक्षम बनाने के साथ ही उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में राजकीय चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश सीरवी ने छात्राओं को महिला स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, बीमारियों के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों तथा समय पर उपचार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान होने पर गंभीर बीमारियों से बचाव और प्रभावी उपचार संभव हो सकता है। इसके लिए महिलाओं और बालिकाओं का अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद आवश्यक है।

डॉ. सीरवी ने छात्राओं को सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच का महत्व समझाया। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन, उससे जुड़ी सरकारी योजनाओं तथा विभिन्न उपचार पद्धतियों के बारे में भी विस्तार से बताया। छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी विषयों में रुचि दिखाते हुए उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम अधिकारी नीलू देवल ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राएं पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग ले रही हैं। शिविर के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस, सजगता और स्वास्थ्य चेतना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर का प्रथम सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है तथा आगामी दिनों में भी छात्राओं के व्यक्तित्व विकास एवं सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के आयोजन में वंदना वरमेचा, डॉ. मुनेश मीणा तथा कार्यालय सहायक दिव्यांशी चौहान ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया। स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी मिलने पर छात्राओं ने व्याख्यान को अत्यंत उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *