मतदान समाप्ति के बाद शांतिपूर्वक जमा हुईं ईवीएम
संग्रहण केंद्र पर मुस्तैद रही प्रशासनिक टीम, मतदान दलों ने जताया सहयोग के लिए आभार
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। नगरपालिका आम चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी 41 मतदान दलों ने ईवीएम को सुरक्षित रूप से सील कर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित संग्रहण केंद्र पर जमा करवाया। निर्धारित समय शाम छह बजे मतदान समाप्त होते ही पीठासीन अधिकारियों ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण की और प्रशासन की ओर से उपलब्ध करवाए गए वाहनों से ईवीएम सहित समस्त निर्वाचन सामग्री लेकर संग्रहण केंद्र पहुंचे।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश के निर्देशन में गठित संग्रहण दल ने पूरी मुस्तैदी और सुव्यवस्थित तरीके से निर्वाचन सामग्री प्राप्त की। बेहतर व्यवस्थाओं के कारण मतदान दलों को ईवीएम एवं अन्य सामग्री जमा करवाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, सभी पीठासीन अधिकारियों ने मतदान से लेकर ईवीएम संग्रहण तक निर्वाचन कार्य में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।










