सेवानिवृत्ति पर विद्यालय को रंगीन प्रिंटर भेंट, शिक्षक सत्तार खां चौहान ने पेश की अनुकरणीय मिसाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेवानिवृत्ति पर विद्यालय को रंगीन प्रिंटर भेंट, शिक्षक सत्तार खां चौहान ने पेश की अनुकरणीय मिसाल

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत

 

सोजत। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बासना में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी सत्तार खां चौहान ने अपनी सेवानिवृत्ति के अवसर को यादगार बनाते हुए विद्यालय को रंगीन प्रिंटर भेंट कर शिक्षा के प्रति अपने जुड़ाव और सेवाभाव की अनुकरणीय मिसाल पेश की। उनके इस सहयोग से विद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं कार्यालयी कार्यों के संपादन में सुविधा मिलेगी।

प्रधानाचार्य कालूराम अणकिया ने विद्यालय परिवार की ओर से चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक का अपने सेवाकाल के बाद भी विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में सहयोग करना प्रेरणादायी है। उन्होंने रंगीन प्रिंटर की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इससे विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक सामग्री, प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में सहूलियत होगी।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक सत्तार खां चौहान ने कहा कि विद्यालय से उनका जुड़ाव केवल सेवाकाल तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान भी समय-समय पर विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग किया है। सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिवार को रंगीन प्रिंटर भेंट करना उनके लिए सुखद अनुभूति है। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार ने चौहान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर बालकिशन प्रजापत, अरुणा राठौड़, मनमोहन चारण, प्रेमसिंह चम्पावत, वेनाराम, प्रकाशचंद्र सैन, भुंडाराम, सुमन तेली, हेमंत परिहार, भरत प्रजापत, श्रवण देवासी, उमाशंकर दवे सहित विद्यालय स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें