सोजत रोड पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, कार्यकर्ताओं ने भरी जीत की हुंकार
बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, एकजुट होकर भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प
सोजत। नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोजत रोड में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी नगरपालिका चुनाव की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
सोजत रोड नगरपालिका प्रभारी घेवरराम विश्नोई ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सोजत रोड नगरपालिका का यह प्रथम चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान करते हुए नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने का लक्ष्य रखा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में बगड़ी मंडल अध्यक्ष पूनम सिंह रावत, अटपड़ा महामंत्री भंवरलाल सैनी, बगड़ी मंडल महामंत्री जय नारायण गहलोत, मिश्रीलाल सिरवी, शक्ति केंद्र संयोजक दिलीप खाटेड़, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अनिल व्यास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









