विश्व मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे मैसूरु के एम. योगेंद्र
मैसूरु में हुआ एम. योगेंद्र का सम्मान, 2000 मीटर स्टीपलचेज दौड़ में दिखाएंगे दम
मैसूरु। मैसूरु एथलेटिक्स क्लब के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट एम. योगेंद्र को मैसूरु स्थित गुरु रेजीडेंसी में सम्मानित कर आगामी 26वीं वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता दक्षिण कोरिया गणराज्य के डेगू में आयोजित होगी।
समारोह की अध्यक्षता मैसूरु एथलेटिक्स क्लब के अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी चेन सिंह राजपुरोहित (रामासनी बाला, सोजत-राजस्थान) ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कन्नड़ प्रभा के कार्यकारी संपादक अम्शी प्रसन्न कुमार तथा डेक्कन हेराल्ड के चीफ ब्यूरो टी.आर. सतीश कुमार ने एम. योगेंद्र का सम्मान करते हुए विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता की कामना की।
एम. योगेंद्र चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पुरुष 2000 मीटर स्टीपलचेज दौड़ में चुनौती पेश करेंगे। क्लब पदाधिकारियों ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि योगेंद्र अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश के साथ मैसूरु का नाम भी गौरवान्वित करेंगे।
इस अवसर पर खेल पत्रकार उदय, अविनाश जैनहल्ली, पत्रकार जनक सिंह भाटी, फोटो पत्रकार बसवराज अनुराग तथा क्लब के कार्यकारी सदस्य जी.आर. प्रभाकर, के.बी. गंगाधर, महादेवैया, के. गोपीनाथ एवं गोपालकृष्ण उपस्थित रहे।











