झुपेलाव में 3 करोड़ के विकास कार्यों का विधायक शोभा चौहान ने किया लोकार्पण

सोजत। विधायक शोभा चौहान ने गुरुवार को निकटवर्ती ग्राम झुपेलाव में करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके विधायक चौहान ने जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के साथ प्रत्येक वर्ग के कल्याण और क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर विधायक कोष से विद्यालय चाहर दीवारी निर्माण हेतु 5 लाख की घोषणा की तथा पांचवा पुलिया के नीचे पाईप लाईन लगवाने का भी कहा।
कार्यक्रम में पूर्व केबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने गाँव में हुए विकास कार्यों हेतु विधायक के कार्यों की मुक्तकंठ से तारीफ करते हुए कहा कि आम जन को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में प्रधान धोबली देवी,भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल ओझा, धुरासनी सरपंच जगदीश सिंह राजपुरोहित, भाजपा नेता हनुमान सिंह भैंसाणा, कालूराम, रूप सिंह कुंपावत, शिवलाल धिनावास, जतन कंवर, जसवंत सिंह चंपावत, सोहनराम, मोहन सिंह, राजवीर सिंह, संपत सिंह सहित प्रमुख जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
सरपंच योगेंद्र सिंह कुंपावत ने कहा कि विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने ग्राम पंचायत में विकास की गंगा बहायी। विधायक फंड से पंचायत में लगभग 3 करोड़ के विकास कार्य हुए। पंचायत निवासी उनके आभारी रहेंगे। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का बहुमान किया गया। अंत में पीईईओ पदम सिंह चारण ने सबका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सरस संचालन गजेंद्र सिंह ने किया।










