सोजत में केवल अपरोक्ष आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी केवलानंदजी महाराज की द्वितीय वर्षी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में केवल अपरोक्ष आश्रम में ब्रह्मलीन स्वामी केवलानंदजी महाराज की द्वितीय वर्षी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित

सोजत। स्थानीय मेला चौक स्थित श्री केवल अपरोक्ष आश्रम आचार्य पीठ में ब्रह्मलीन महामण्डलेश्वर, ब्रह्मनिष्ठ श्रोत्रिय श्री 1008 अनन्त श्री विभूषित स्वामी श्री केवलानंदजी महाराज की द्वितीय वार्षिक वर्षी श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित हुई। कार्यक्रम षड् दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के प्रदेशाध्यक्ष आचार्य डॉ. ओम महाराज के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा, वाराणसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं षड् दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत चेतनानंदगिरिजी महाराज तथा रणजीत आश्रम, बालोतरा के महामण्डलेश्वर श्री 1008 स्वामी अमृतरामजी महाराज, साबरकांठा (गुजरात) पिलूद्रा के स्वामी गोपालदास महाराज सहित अनेक संत महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन की व्यवस्थाओं में स्वामी श्री पूर्णानंद महाराज का विशेष सहयोग रहा।

श्रावण वदी दशमी के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक समारोह में सोजत सहित आसपास के क्षेत्रों से संत-महात्माओं, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर ब्रह्मलीन संत को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेवश्री की महाआरती से हुआ। जिसके बाद संतों का बधावणा किया गया। रात्रि में आयोजित सत्संग में संत-महात्माओं ने भजन, प्रवचन एवं आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म, मानव जीवन के आदर्शों तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने संतवाणी का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

समारोह के अंत में श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर महाप्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम आयोजन में मास्टर गणपतलाल भाटी रामासनी बाला, धंधेड़ी के एडवोकेट मोहनलाल बामणिया, प्रभुलाल रांगी, मास्टर रूपाराम, खारियानींव के पत्रकार मोटाराम बोचावत आदि श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने इस आयोजन को सनातन संस्कृति, संत परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *