आरयूआईडीपी के तहत 8.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर हुआ स्टेकहोल्डर संवाद
सोजत शहर समग्र विकास की दिशा में बढ़ेगा आगे – विधायक चौहान

सोजत। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के अंतर्गत सोजत शहर में प्रस्तावित 8.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को नगरपालिका सभागार में “आरयूआईडीपी संवाद” (स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारकों से विकास कार्यों पर सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शोभा चौहान ने कहा कि यह परियोजना सोजत शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने राज्य सरकार एवं आरयूआईडीपी का आभार व्यक्त करते हुए परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगर निकाय, संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से यह योजना शीघ्र धरातल पर उतरेगी और शहरवासियों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना में लगभग 20 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाने हेतु प्रयास करूँगी।
पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने सोजत के समग्र विकास में राज्य सरकार की नगरीय आधारभूत विकास परियोजना में जनप्रतिनिधियों के सुझावानुसार कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सोजत के विकास का विजन उनकी प्राथमिकता है व रहेगी।

आरयूआईडीपी अधिकारी अधिशाषी अभियंता प्रशांत टाटू ने बताया कि इस चरण में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्य, 2.64 करोड़ रुपये की लागत से सी सी सी, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास कार्य तथा 3.73 करोड़ रुपये की लागत से ठोस कचरा प्रबंधन संबंधी कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों का दृश्यात्मक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की रूपरेखा समझाते हुए बताया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे तथा कार्यशाला में प्राप्त उपयोगी सुझावों को भी परियोजना में शामिल किया जाएगा।

संवाद बैठक में सोजत के विकास हेतु पूर्व नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि जुगलकिशोर निकुम, पूर्व चेयरमैन मांगीलाल टाक, बीजेपी ओबीसी प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पंवार, उपाध्यक्ष नरपत राज सोलंकी, एडवोकेट चंद्रशेखर श्रीमाली, माणकराज चौहान, ओमप्रकाश गुरु, चंपालाल सांखला, कांग्रेस नेता महेंद्र पालरिया, गोविंद दवे, गौतम तंवर, बालमुकुंद गहलोत, प्रफुल्ल ओझा, ताराचंद सैनी, नवनीत राय ‘रुचिर’, तरुण सोलंकी आदि ने सुझाव दिए। वहीं इतिहासकार चेतन व्यास ने सोजत के ऐतिहासिक दुर्ग को पर्यटन स्थल का रूप देने पर बल दिया। कार्यक्रम में नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी राघव मीणा व आरयूआईडीपी के अधिकारियों ने भाग लिया।









