भक्ति-भाव के साथ निकली गाजण माता की शोभायात्रा, श्रद्धालु हुए पदयात्रा के लिए रवाना
सोजत।
नगर में जैतारणिया गेट स्थित काला गोरा भैरू मंदिर से गाजण माता पैदल यात्रा संघ के तत्वावधान में श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर गाजण माता मंदिर के लिए प्रस्थान किया। सोमवार सायं शोभायात्रा में बैंड-बाजों की मधुर धुनों, जयकारों और धर्मध्वजों के बीच श्रद्धालु श्रद्धाभाव से आगे बढ़ते रहे। साथ ही डीजे पर भजनों पर थिरकते नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मेला चौक स्थित शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा में महिला, पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए और पूरे मार्ग पर श्रद्धा, उत्साह तथा आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर नरपत परिहार, ओमप्रकाश, पिंटू माली, अशोक, दिनेश परिहार, चंदू घांची, राजू परिहार सहित पैदल यात्रा संघ के पदाधिकारी एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालु आज मंगलवार प्रातः गाजण माता मंदिर के लिए पैदल यात्रा पर रवाना हुए। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।








