उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास का किया निरीक्षण
सोजत।
बालिकाओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (टाइप-1) तथा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास (टाइप-4) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने छात्रावास में रह रही बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मेनू के अनुरूप नियमित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा बालिकाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना।
मानसून के मद्देनज़र उपखंड अधिकारी ने छात्रावास भवन की सुरक्षा, साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित हॉस्टल वार्डन को निर्देशित किया कि छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राघव मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपतसिंह सांखला, यूसीईईओ स्वरूपसिंह उदावत , संबंधित हॉस्टल वार्डन सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।









