ग्रामीण सेवा शिविर का उपखंड अधिकारी ने किया निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ पहुंचाना है – रवि प्रकाश

सोजत।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के अंतर्गत सोमवार को उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने चंडावल ग्राम में संचालित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिविर का प्रभावी एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने प्रत्येक विभाग से दिनभर में किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हो सकें।
शिविर में राजस्व विभाग की ओर से राजस्व अभिलेखों में बंटवारा संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टों का वितरण तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत बीमा पॉलिसियों के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ने लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मौके पर तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे ।









