सोजत।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों की श्रृंखला के तहत बुधवार को ग्राम रायरा कला में आयोजित शिविर का उप जिला कलक्टर रवि प्रकाश ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा शिविर के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक विभागीय दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उप जिला कलक्टर रवि प्रकाश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों के कार्मिकों से समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान पेंशन स्वीकृति, राजस्व अभिलेखों में शुद्धिकरण, जन्म प्रमाण पत्र जारी करने, विद्युत मीटर परिवर्तन सहित अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया गया। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।









