*अदबी उड़ान द्वारा आयोजित पुरस्कार एवं सम्मान समारोह संपन्न- देश भर के 23 साहित्यकारों का सम्मान*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत। साहित्यिक संस्था अदबी उड़ान उदयपुर का दसवां भव्य राष्ट्रीय पुरस्कार एवं सम्मान समारोह-2025 राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर के सभागार में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल महामहिम गुलाबचंद कटारिया थे। राजस्थान साहित्य अकादमी की प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने अकादमी की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत किया। आयोजक संस्था अदबी उड़ान के संस्थापक अध्यक्ष खुर्शीद शेख ख़ुर्शीद ने उनकी अगवानी की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि समाजसेवी मुकेश माधवानी ने सभी पुरस्कृत एवं सम्मानित साहित्यकारों का स्वागत करते हुए बधाईयां दीं।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया,संभागीय आयुक्त उदयपुर प्रज्ञा केवलरमानी, अदबी उड़ान के संस्थापक अध्यक्ष ख़ुर्शीद शेख खुर्शीद और प्रसिद्ध समाजसेवी मुकेश माधवानी के करकमलों द्वारा देश भर के 23 साहित्यकारों को प्रशस्ति पत्र, शाल,उपरणा एवं नकद राशि से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। जिसमें सोजत के डॉ. रशीद ग़ौरी को कहानी साहित्यकार सम्मान- 2025 से तथा राजस्थानी भाषा साहित्य के लिए सोजत के रामस्वरूप भटनागर एवं डाॅ. कालू खां देशवाली, मेड़ता सिटी को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आगाज़ राष्ट्रगान एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इस अवसर पर श्याम मठवाल ने हिंदी साहित्य के इतिहास पर पत्र वाचन किया। नूतन बेदी ने सरस्वती वंदना तथा गोविंद अक्षय ने हम्द प्रस्तुत की। नन्हीं बालिका आयत ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। संचालन अमृता बोकड़िया ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब राज्यपाल महामहिम गुलाबचंद जी कटारिया का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक संस्थाओं ने उनका बहुमान किया।
दूसरे सत्र में आयोजित राष्ट्रीय मुशायरा एवं काव्य गोष्ठी में कलमकारों ने अपने बेहतरीन कलाम पेश किए। जिसके अध्यक्ष गोविंद अक्षय हैदराबाद, विशिष्ट अतिथि मधु अग्रवाल उदयपुर के साथ अदबी उड़ान संस्था के संस्थापक- अध्यक्ष खुर्शीद शेख ख़ुर्शीद ने मंच को सुशोभित किया। काव्य गोष्ठी एवं मुशायरा का सफल संचालन मेहंदी नगरी सोजत के अब्दुल समद राही ने किया।

✍️ न्यूज़ रिपोर्टर -अजय कुमार जोशी 

Ajay Joshi
Author: Ajay Joshi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें