पंचायतीराज चुनाव: प्रत्याशियों की प्रबोधन कार्यशाला आज
सोजत। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं संबंधित नियमों की जानकारी देने के लिए शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रबोधन कार्यशाला आयोजित होगी। पंचायत समिति सोजत के वीसी कक्ष में अपराह्न तीन बजे शुरू होने वाली कार्यशाला में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के समस्त प्रत्याशियों को आमंत्रित किया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने बताया कि कार्यशाला में नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता का पालन, चुनाव चिन्ह आवंटन तथा चुनाव व्यय का लेखा संधारित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों से भी प्रत्याशियों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यशाला में भाग लेने की अपील की है।









