गांधी और शास्त्री के आदर्श अपनाने का आह्वान, विद्यार्थियों की प्रतिभा का सम्मान
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सिसरवादा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती विविध कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने कविता, भाषण, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों को प्रस्तुत किया।
समारोह की मुख्य अतिथि नगरपालिका की अध्यक्ष श्रीमती भावना ढंजा रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद लक्ष्मण राम माली एवं देवेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य अर्जुनलाल चौधरी ने की। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से आरंभ हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भावना ढंजा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित किया तथा गांधी एवं शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। प्रधानाचार्य चौधरी के नेतृत्व में समस्त विद्यालय स्टाफ ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श उभरकर सामने आए। अतिथियों ने जयंती पर आयोजित प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों के साथ सामान्य ज्ञान की मासिक परीक्षा, विज्ञान दिवस प्रतियोगिता एवं रामनाम प्रतियोगिता में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक जुगल किशोर ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।









