पेयजल व्यवस्था सुधार हेतु विधायक चौहान ने अधिकारियों की ली बैठक
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। सोजत शहर सहित सोजत विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति एवं व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आज नगर पालिका सभागार में विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने पेयजल विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में वर्तमान में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था एवं आगामी गर्मी में भी सुचारू पेयजल आपूर्ति को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर अधिकारी को निर्देश दिए।
सोजत शहर की कुल पेयजल मांग लगभग 7 एमएलडी है, इस मांग की आपूर्ति के लिए कंटालिया बांध से दो एमएलडी एवं गजनाई बांध से 2 एमएलडी पानी उपलब्ध करवाने की योजना पर चर्चा की गई। सोजत शहर को वर्तमान में आठ ट्यूबवेल से लगभग एक एमएलडी पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है, पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए चार नए ट्यूबवेल प्रस्तावित है, जिन्हें शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
विधायक चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के संबंध में आमजन को कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। बजट घोषणा में स्वीकृत कंटालिया बांध से सोजत रोड तक जल आपूर्ति हेतु पाइपलाइन बिछाने एवं फिल्टर प्लांट निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने हेतू निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आमजन को पर्याप्त एवं सुचारु रूप से पेयजल आपूर्ति करवाना अधिकारीगण सुनिश्चित करें , इसके लिए नियमित रूप से पेयजल व्यवस्था की मॉनिटरिंग करें ! लीकेज में पानी व्यर्थ नहीं बहे। बैठक में पूर्व मंत्री लक्ष्मी नारायण दवे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश तंवर, अधिशासी अभियंता मोनू मीणा एवं अन्य कर्मचारी गण उपस्थित रहे।









