दिनेश उज्ज्वल जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति के सदस्य मनोनीत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट-2026 से नवाचारों को मिलेगा मंच,

दिनेश उज्ज्वल जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति के सदस्य मनोनीत

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। राजस्थान सरकार की ओर से युवा नवप्रवर्तकों, स्टार्टअप्स एवं महिला उद्यमियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित कर उनके नवाचारों को व्यवस्थित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट-2026’ के तहत पाली जिले में जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति का गठन किया गया है।

जिला कलक्टर, पाली द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोजत स्थित डीसू इनोवेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक दिनेश उज्ज्वल को इस महत्वपूर्ण जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति से सोजत क्षेत्र के उद्यमिता एवं नवाचार जगत में प्रसन्नता का माहौल है।

यह समिति जिले से प्राप्त स्टार्टअप एवं नवाचार संबंधी आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग और मूल्यांकन करने के साथ प्रतिभागियों की पिचिंग प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समिति द्वारा नवप्रवर्तकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ टीमों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि दिनेश उज्ज्वल लंबे समय से वेस्ट मैनेजमेंट, रिसोर्स रिकवरी, डिजिटल टेक्नोलॉजी तथा पर्यावरण आधारित नवाचारों के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में डीसू इनोवेशन्स द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं तकनीक आधारित उपयोगी समाधान विकसित किए जा रहे हैं। इस क्षेत्र में उनके अनुभव का लाभ जिले के नवोदित उद्यमियों एवं नवप्रवर्तकों को मिलने की उम्मीद है।

जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग, उद्योग एवं रोजगार विभाग, राजीविका तथा युवा भारत सहित विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। समिति जिले में नवाचार और उद्यमिता का अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ प्रतिभाशाली युवाओं के विचारों को धरातल पर उतारने में सहयोग करेगी।

राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट-2026 में भाग लेने के इच्छुक युवा नवप्रवर्तकों, स्टार्टअप्स एवं महिला उद्यमियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर, 2026 कर दी गई है। इससे अधिकाधिक प्रतिभागियों को अपने अभिनव विचार एवं उद्यमिता मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *