सोजत की सड़कों पर उमड़ा विजय का उल्लास, फूल-मालाओं से लदे भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। नगरपालिका सोजत सिटी में भाजपा की श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर के अध्यक्ष एवं राकेश पंवार के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस में भाजपा के 24 तथा पार्टी समर्थित 4 निर्दलीय पार्षदों के साथ वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नगरपालिका बोर्ड में पुनः ‘कमल’ खिलने की खुशी में पूरा शहर भाजपा जिंदाबाद और मोदी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। मुख्य बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार सजाए गए। शहरवासियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को मिठाई खिलाकर तथा साफा, शॉल और फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। जगह-जगह गुलाल उड़ाई गई और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया गया। डीजे, ढोल-नगाड़ों एवं बैंड-बाजों की धुन पर युवा, महिलाएं और पुरुष नाचते-गाते विजय की खुशियां साझा करते नजर आए।
विजय जुलूस में पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, विधायक श्रीमती शोभा चौहान, चुनाव पर्यवेक्षक अर्जुनराम पुरोहित व भंवरलाल सेणचा, भाजपा कोर कमेटी के प्रमुख एडवोकेट आनंद भाटी, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्यामलाल गहलोत, नरपतराज सोलंकी, जितेंद्र व्यास, हीरालाल कांठेर, नरपत सिंह सोढ़ा, डॉ. महेश सोनी, राकेश भटनागर, नारायण लाल परिहार, पूर्व चेयरमैन मांगीलाल चौहान सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विजय के नारे लगाते हुए चले।
जुलूस में भाजपा के विजयी पार्षद वार्ड 1 से कैलाश चांवला, 2 से संजय पंवार, 4 से ललिता, 5 से कन्या देवी, 6 से ओमप्रकाश, 7 से श्यामलाल गहलोत, 8 से निधि ओझा, 9 से टोनू चौहान, 10 से सुधीर दवे, 11 से नरेश सोनी, 12 से प्रकाश, 13 से रेखा, 15 से इरफान, 18 से नासीर खान, 20 से गौतम तंवर, 22 से गंगासिंह सांखला, 25 से नरेंद्र, 27 से जुगल किशोर निकुम, 28 से शोभा, 29 से जोगेश कुमार जोशी ‘लक्की’, 31 से अर्जुन लोहार तथा वार्ड 39 से राकेश देवड़ा का शहरवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। भाजपा समर्थित निर्दलीय पार्षद वार्ड 17 से अमराराम, वार्ड 23 से सुरेशचंद पलोड़, वार्ड 24 से श्रीमती धर्मिष्ठा रामअवतार भाटी एवं वार्ड 40 से प्रकाश टाक का भी जगह-जगह अभिनंदन किया गया। विजय जुलूस ने भाजपा की राजनीतिक सफलता को नगर के उत्सव में बदल दिया और पूरे शहर में देर तक उल्लास का वातावरण बना रहा।










