युवा नेतृत्व पर भरोसा, राकेश पंवार बने सोजत नगरपालिका के उपाध्यक्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवा नेतृत्व पर भरोसा, राकेश पंवार बने सोजत नगरपालिका के उपाध्यक्ष

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। नगरपालिका सोजत सिटी के उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के युवा नेता एवं वार्ड संख्या 30 से निर्वाचित पार्षद राकेश पंवार ने शानदार जीत दर्ज की। मंगलवार को हुए निर्वाचन में भाजपा प्रत्याशी राकेश पंवार को 23 मत मिले, जबकि वार्ड संख्या 3 से निर्वाचित कांग्रेस प्रत्याशी राकेश पंवार को 14 मत प्राप्त हुए। एक मत नोटा के पक्ष में गया तथा दो पार्षद मतदान के लिए नहीं पहुंचे। इस प्रकार भाजपा प्रत्याशी ने नौ मतों के अंतर से विजय हासिल कर उपाध्यक्ष पद पर अपना परचम फहराया।

युवा उद्यमी राकेश पंवार छात्र जीवन से ही राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में करीब पांच वर्षों तक विभिन्न संगठनात्मक दायित्व निभाते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। वे भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं तथा वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे हैं। नगरपालिका में पांच वर्षों तक पार्षद रहते हुए भी उन्होंने शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।

राकेश पंवार के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने उन्हें मालाएं पहनाकर, मिठाई बांटकर और नारे लगाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। भाजपा की कीर्ति राजेश तंवर के अध्यक्ष बनने के बाद अब राकेश पंवार के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने से नगरपालिका बोर्ड में पार्टी की स्थिति और सुदृढ़ हो गई है। शहरवासियों को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की नई जोड़ी से विकास कार्यों को गति मिलने तथा जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की उम्मीद है।

निर्वाचन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगरपालिका परिसर के बाहर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *