सोजत में सेवा सेतु शिविर में मिला संबल, तीन बच्चों का पालनहार आवेदन मौके पर स्वीकृत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में सेवा सेतु शिविर में मिला संबल, तीन बच्चों का पालनहार आवेदन मौके पर स्वीकृत

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत शनिवार को पंचायत समिति मुख्यालय सोजत में आयोजित सेवा सेतु शिविर एक जरूरतमंद परिवार के लिए राहत और उम्मीद का माध्यम बना। शिविर में 22 सरकारी विभागों ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

पांचवाखुर्द निवासी अणदाराम पुत्र मांगीलाल मेघवाल ने शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी सुरेश कविया के समक्ष अपने बच्चों को पालनहार योजना का लाभ दिलाने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया। विकास अधिकारी ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कर्मचारी ओमप्रकाश को आवेदन तत्काल तैयार करवाकर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विभागीय कर्मचारी ने ई-मित्र के सहयोग से पालनहार योजना का आवेदन करवाया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मौके पर ही उसे स्वीकृत कर दिया। इससे अणदाराम के तीन बच्चों—नौवीं कक्षा में अध्ययनरत निकिता, पांचवीं कक्षा के आयुष तथा दूसरी कक्षा के विकास—को योजना का लाभ मिल सकेगा। परिवार को पालनहार योजना के तहत प्रतिमाह कुल 4,500 रुपये की आर्थिक सहायता तथा बच्चों की विद्यालयी यूनिफॉर्म के लिए वर्ष में एक बार 2,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलेगी।

आवेदन का मौके पर समाधान होने पर लाभार्थी अणदाराम ने शिविर प्रभारी सुरेश कविया, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा राज्य सरकार का आभार जताया। यह प्रकरण दर्शाता है कि सेवा सेतु जैसे शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के साथ प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास की कड़ी को मजबूत बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *