पेंशनरों को समझाई डिजिटल बैंकिंग की राह, साइबर ठगी से बचाव का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पेंशनरों को समझाई डिजिटल बैंकिंग की राह, साइबर ठगी से बचाव का दिया संदेश

रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत 

सोजत। स्थानीय पेंशनर समाज भवन में संस्था अध्यक्ष समाजसेवी लालचंद मोयल की अध्यक्षता में बैंक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक सुरजन कुमार मीणा ने पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र, डिजिटल बैंकिंग और बैंक खातों की सुरक्षा सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान पेंशनरों की बैंक संबंधी समस्याओं का समाधान भी किया गया।

शाखा प्रबंधक मीणा ने बताया कि पेंशनरों को प्रतिवर्ष नवंबर में जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना होता है। इसके लिए अब बैंक शाखा आने के अलावा घर बैठे जीवन प्रमाण एप, एसबीआई की वीडियो लाइफ सर्टिफिकेट सुविधा अथवा नजदीकी जन सेवा केंद्र के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराया जा सकता है।

साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि ओटीपी, सीवीवी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल और अनजान लिंक से सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।

उन्होंने पेंशनरों को बैंक खाते से आधार, मोबाइल नंबर और पैन जोड़ने तथा खाते में नामिनी दर्ज कराने की जानकारी दी। साथ ही पात्र पेंशनरों को फॉर्म 15एच समय पर जमा कराने के बारे में समझाया। उन्होंने बताया कि पेंशन स्लिप और फॉर्म 16 एसबीआई की वेबसाइट तथा योनो पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम में राजकीय चिकित्सालय से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी दिलीप व्यास के पेंशनर समाज की सदस्यता ग्रहण करने पर साफा एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक संघ के पाली जिला संरक्षक सत्तुसिंह भाटी, फौजी अशोक सेन, साहित्यकार डॉ. रशीद गौरी, शंकर लाल पारीक, यशवंत महावर, एडवोकेट जुगल किशोर दवे, ईश्वर दास पुरसवाणी, शिवलाल जोशी, झूमर लाल गर्ग, महेन्द्र माथुर, मोहम्मद यासीन खरादी सहित अनेक पेंशनर एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन संस्था सचिव साहित्यकार डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *