पहले ही चुनाव में धर्मिष्ठा भाटी ने रचा इतिहास, 302 मतों से हासिल की शानदार जीत
रिपोर्टर – नवनीत राय ‘रुचिर’, सोजत
सोजत। नगरपालिका आम चुनाव-2026 में वार्ड संख्या 24 से निर्दलीय प्रत्याशी धर्मिष्ठा रामावतार भाटी ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार विजय हासिल कर नगर की राजनीति में प्रभावशाली दस्तक दी है। भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस वार्ड में उन्होंने 302 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर न केवल राजनीतिक समीकरण बदल दिए, बल्कि युवा एवं शिक्षित नेतृत्व के रूप में अपनी अलग पहचान भी बनाई है।
13 फरवरी 1999 को जन्मीं धर्मिष्ठा भाटी ने बी.कॉम. तक शिक्षा प्राप्त की है। उनके पिता पुखराज गहलोत सरकारी शिक्षक हैं, जबकि पति रामावतार भाटी अधिवक्ता एवं पूर्व पार्षद हैं। शिक्षित पारिवारिक परिवेश और पति के सामाजिक एवं राजनीतिक अनुभव का प्रभाव उनके व्यक्तित्व में स्पष्ट दिखाई देता है।
पहली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरीं धर्मिष्ठा भाटी ने सघन जनसंपर्क के माध्यम से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाई। स्थानीय समस्याओं के समाधान, वार्ड के समग्र विकास और आमजन से निरंतर संवाद के संकल्प ने उन्हें मतदाताओं का व्यापक समर्थन दिलाया। प्रतिष्ठित प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए मिली इस जीत को वार्ड की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत कर जीत की शुभकामनाएं दीं। धर्मिष्ठा भाटी की यह विजय उनके राजनीतिक सफर की सशक्त शुरुआत मानी जा रही है। अब वार्डवासियों को उनसे विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की विशेष उम्मीदें हैं।









