सोजत में अवैध बजरी खनन पर प्रशासन का शिकंजा
देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, लोगों में मचा हड़कंप
सोजत। क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला कलेक्टर पाली के निर्देशानुसार उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश एवं तहसीलदार कूपसिंह पंवार ने शिवपुरा थाना क्षेत्र में ग्राम अजीतपुरा-धीनावास के समीप दबिश देकर अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।
प्रशासनिक अधिकारियों की इस आकस्मिक कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को डिटेन किया गया। इसके बाद मौके पर ही खनन विभाग एवं संबंधित पुलिस थाने के जाब्ते को बुलाकर वाहन तथा मामले से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। प्रकरण में एफआईआर सहित अन्य विधिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
इसी क्रम में प्रशासनिक दल द्वारा क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर जांच-पड़ताल भी की गई। इस दौरान सूकड़ी नदी क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने के साक्ष्य सामने आए। प्रशासन की ओर से इस मामले में भी नियमानुसार पेनल्टी लगाने सहित अन्य विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की नदियों एवं अन्य स्थानों पर अवैध बजरी खनन और परिवहन की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी बढ़ा रहा है। देर रात स्वयं उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार के मैदान में उतरकर की गई कार्रवाई से अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध बजरी कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।









