सोजत में पेयजल संकट से परेशान शहरवासी, टैंकर मंगवाकर बुझानी पड़ रही प्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोजत में पेयजल संकट से परेशान शहरवासी, टैंकर मंगवाकर बुझानी पड़ रही प्यास

सोजत। शहर में पेयजल संकट ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। जवाई पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले कई दिनों से शहर की जलापूर्ति प्रभावित है। हालात यह हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए निजी स्तर पर टैंकर मंगवाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार पाइपलाइन में हुए लीकेज को जलदाय विभाग द्वारा दुरुस्त कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति अभी तक सामान्य नहीं हो पाई है। नलों में पानी नहीं आने से शहरवासी पेयजल के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। इससे विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और सामान्य परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पेयजल संकट से परेशान शहरवासियों ने गुरुवार को उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया तथा शहर में शीघ्र नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करवाने की मांग की। नागरिकों ने प्रशासन से जलदाय विभाग को आवश्यक निर्देश देकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पानी पहुंचाने और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

पेयजल समस्या को लेकर नागरिकों में जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति रोष है। लोगों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए बार-बार विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद अधिकारी-कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। पाइपलाइन की मरम्मत के बाद भी जलापूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *