सोजत रोड | स्थानीय वी सोच महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय आन-बान-शान और भारी उत्साह के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता पर्व के इस पावन अवसर पर महाविद्यालय परिसर में खेलकूद, बौद्धिक प्रतियोगिताओं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
कार्यक्रम का विधिवत आगाज़ मुख्य अतिथि महाविद्यालय के निदेशक अधिवक्ता हेरम्ब भारद्वाज एवं कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. वर्षा तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से झंडारोहण कर किया गया। राष्ट्रगान के पश्चात तिरंगे को सलामी दी गई।
तिरंगे से सजा परिसर, गृह विज्ञान की छात्राओं ने बनाई रंगोली स्वतंत्रता दिवस को लेकर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों में खासा उत्साह देखा गया। NSS प्रभारी राजेन्द्र कुमार कुमावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूरे परिसर को तिरंगे झंडों से सजाया। वहीं गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक और देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगोली परिसर में मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
कैरम में दिलीप व निशा, सामान्य ज्ञान में सीमा सीरवी अव्वल विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया:
-
कैरम प्रतियोगिता: कैरम बोर्ड प्रभारी भावना बोराणा की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में दिलीप कुमार और छात्रा वर्ग में निशा ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
-
सामान्य ज्ञान स्पर्धा: प्रभारी मोहम्मद इमरान के अनुसार स्पर्धा में कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच सीमा सीरवी ने अपनी उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता का परिचय देते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
-
कबड्डी मुकाबला: कबड्डी प्रभारी अशोक गहलोत के संयोजन में आयोजित मैच में ‘टीम तरुण पुरी’ ने अपने आक्रामक खेल के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीम को शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मारवाड़ी गीत पर झूमे लोग समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्रा दिलखुश, छात्र दिलीप सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए देश के अमर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में उस वक्त अनूठा रंग देखने को मिला जब महाविद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उगम राज ने अपनी सुरीली मारवाड़ी भाषा में लोकगीत प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर पूरा सदन तालियों से गूंज उठा।
विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रतियोगिताओं के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों व प्रतिभागियों को नकद राशि (कैश प्राइज) तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन मोहम्मद आसिफ ने किया। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ ने अपने विचार व्यक्त किए। अंत में एडमिशन प्रभारी भावना गोराना व उगम राज द्वारा सभी उपस्थित लोगों में मिष्ठान (लड्डू) का वितरण किया गया। संस्थान की ओर से सभी का आभार व्यक्त करने के साथ ही समारोह का समापन हुआ।










